Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

न्यू ईयर पार्टी एवं अन्य कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की तैयारी

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार।

धमतरी, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष 31 दिसंबर एवं एक जनवरी को न्यू ईयर पार्टी तथा मंडई पर्व को लेकर धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में सभी थाना, चौकी एवं यातायात प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने संबंधी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसपी धमतरी ने कहा कि त्योहारों और नववर्ष समारोह के दौरान भीड़-भाड़ बढ़ने से असामाजिक एवं शरारती तत्वों द्वारा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की संभावना रहती है, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार रहेगा। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, सादी वर्दी में पुलिस बल की तैनाती, गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। ज्ञात बदमाशों एवं उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों की सूची का पुनरीक्षण कर उनके विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, पुराने विवाद वाले क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौक-चौराहों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

नववर्ष के दौरान होटलों, लॉज, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं फार्महाउसों में संभावित भीड़ को देखते हुए ब्रीथ एनालाइजर से जांच, ओवरस्पीड, स्टंट, बिना नंबर प्लेट, तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर कार्रवाई तथा ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त रोक सुनिश्चित की जाएगी, वहीं कोलाहल अधिनियम एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन अनिवार्य रहेगा। मुख्य मार्गों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्ती दलों को लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं और कंट्रोल रूम को सतर्क मोड में रखते हुए सभी थानों से निरंतर फीडबैक लिया जाएगा। न्यू ईयर पार्टी एवं अन्य कार्यक्रम आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, मेडिकल सहायता की उपलब्धता, समय सीमा के पालन और नशीले पदार्थों की रोकथाम के निर्देश जारी किए गए हैं, किसी भी अवैधानिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने, यातायात नियमों का पालन करने और नशीले पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की है।

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्र, शैलेंद्र पांडेय, सीएससी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी, साइबर प्रभारी, कंट्रोल रूम प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्त, संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी।

सड़क सुरक्षा एवं पेट्रोलिंग पर रहेगा ध्यान:

मुख्य मार्गों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग पार्टी सहित पुलिस गश्ती दलों को लगातार भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम को सतर्क मोड में रखते हुए सभी थानों से निरंतर फीडबैक लेने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह से आयोजन स्थलों की विशेष निगरानी की जाएगी। न्यू ईयर पार्टी एवं अन्य कार्यक्रम आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, मेडिकल सहायता की उपलब्धता, समय सीमा के पालन तथा नशीले पदार्थों की रोकथाम के निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *