Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नववर्ष पर कानून व्यवस्था को लेकर होटल-बार संचालकों से पुलिस की बैठक

नववर्ष पर कानून व्यवस्था को लेकर होटल-बार संचालकों से पुलिस की बैठक

जयपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष की पूर्व संध्या एवं नववर्ष के अवसर पर जयपुर शहर में शांति—सुरक्षा एवं बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून व्यवस्था) राजीव पचार ने पुलिस कमिश्नरेट में जयपुर शहर के होटल, रेस्टोरेंट एंड बार संचालकों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान विशेष पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करें। इसके साथ ही सीसीटीवी दुरुस्त रख कर महिला सुरक्षाकर्मी भी नियोजित करें। वहीं डीजे माइक का उपयोग नियमानुसार ही करें। इसके अलावा ⁠हुक्का बार पर प्रतिबंध की पूर्ण पालना करें ।

राहुल प्रकाश ने कहा कि ⁠नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब के सेवन के पश्चात वाहन चलाने की घटनाओं में वृद्धि की संभावना होती है। जिससे सड़क दुर्घटनाओं की गंभीर आशंका बनी रहती है। ड्रिंक एंड ड्राइव के कारण न केवल चालक, बल्कि अन्य नागरिकों के जीवन को भी खतरा उत्पन्न होता है। ऐसे में सड़क सुरक्षा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट एंड बार संचालकों की भी नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी बनती है कि वे इस दिशा में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक होटल,रेस्टोरेंट एवं बार अपने मेहमानों—आगंतुकों को प्रतिष्ठान से लौटते समय बिल के साथ 3×3 इंच आकार की गुलाबी रंग की स्लिप उपलब्ध कराएंगे। जिस पर स्पष्ट रूप से शराब पीकर वाहन न चलाएं का संदेश अंकित होगा।

इसके अतिरिक्त प्रत्येक होटल, रेस्टोरेंट एवं बार परिसर के अंदर एवं बाहर चार-चार 2×2.5 फीट आकार के गुलाबी रंग के पोस्टर उक्त संदेश के साथ ऐसे स्थानों पर लगाए जाएंगे। जो आमजन को स्पष्ट रूप से दिखाई दें। इनमें से कम से कम एक पोस्टर प्रसाधन क्षेत्र में लगाया जाना अनिवार्य होगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक थानाधिकारी अपने थाना क्षेत्र में स्थित सभी होटल, रेस्टोरेंट एंड बार के मैनेजर अथवा व्यवस्थापक से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर 30 दिसंबर 2025 तक उक्त स्लिप एवं पोस्टर होटल प्रबंधन द्वारा स्वैच्छिक रूप से छपवाने तथा पोस्टर चस्पा कराने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही प्रत्येक होटल, रेस्टोरेंट एवं बार में इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत निगरानी हेतु एक कांस्टेबल अथवा हेड कांस्टेबल को नोडल पुलिस अधिकारी के रूप में नामित किया जाएगा। जो होटल प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य नववर्ष के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा जयपुर शहर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *