व्यापारिक प्रतिद्वंदिता के चलते कर दी दोस्त की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

महोबा, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के चरखारी थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का रविवार को पुलिस ने खुलासा किया है। साथी ही युवक का हत्यारा निकला है। व्यापारिक प्रतिद्वंदिता के चलते युवक ने अपने साथी को पीछे से गोली मार दी थी। इलाज के दाैरान उसकी माैत हाे गयी थी। वहीं हत्यारा खुद को बचाने के लिए मनगढ़ंत कहानी रच कर वारदात को लूट की घटना बता कर पुलिस को गुमराह करता रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पूरा मामला जनपद के चरखारी कोतवाली क्षेत्र का है। 14 अक्टूबर को राजकुमार अहिरवार की हत्या होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल की। घटना के खुलासा के लिए टीमों का गठन किया गया। जहां जांच में प्रदीप राजपूत ही राजकुमार अहिरवार का हत्यारा निकला है। उन्हाेंने बताया कि व्यापारिक प्रतिद्वंदिता के चलते ही प्रदीप ने सनसनीखेज हत्या की वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को गुमराह करता रहा है।
बताया जा रहा है कि राजकुमार के गांव का प्रदीप राजपूत भी चरखारी कस्बा में ही रायनपुर में मोबाइल की दुकान चला रहा है। दोनों 14 अक्टूबर काे अपनी अपनी दुकान बंद कर बाइक से एक साथ गांव जा रहे थे। जहां गांव से एक किमी पहले ही राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। साथी की हत्या कर के प्रदीप ने खुद को बचाने के लिए बदमाशों के द्वारा बाइक का पीछा कर राजकुमार को गोली मारने की मनगढ़ंत कहानी रची। उसके अनुसार उसने स्वयं झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई है। उसके बाद मृतक के चाचा पूरनलाल ने अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
—————
(Udaipur Kiran) / उपेन्द्र द्विवेदी



