(संशोधित) सोरिद वार्ड में पोलियो उन्मूलन अभियान को मिला जनसमर्थन, सभापति ने बच्चों को पिलाई पोलियो ड्रॉप

धमतरी, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत सोरिद वार्ड में रविवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की सभापति कौशिल्या देवांगन ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान सभापति कौशिल्या देवांगन ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक खुराक अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से देश पोलियो उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता प्राप्त कर चुका है, जिसे बनाए रखने के लिए जनभागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनके सतत प्रयासों से ही घर-घर तक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पहुंचाई जा रही है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। पोलियो उन्मूलन अभियान में वार्डवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा



