Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HEADLINES

प्रधानमंत्री ने पंजाब को शहरी बुनियादी ढांचे की ऐतिहासिक सौगात दी : चुग

भाजपा महासचिव तरुण चुग

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल मिशन फॉर रिजुमिनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन( अमृत 2.0) योजना के तहत पंजाब को 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति राज्य के शहरी विकास के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। यह केवल बजटीय आवंटन नहीं, बल्कि पंजाब की वर्षों से उपेक्षित शहरी आवश्यकताओं को पूरा करने की एक ठोस पहल है।

चुग ने विशेष रूप से अमृतसर को 135.49 करोड़ रुपये की सर्वोच्च राशि दिए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह पवित्र नगरी के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की गहरी समझ का प्रतीक है। स्वच्छ जल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, जल निकायों का पुनर्जीवन और हरित क्षेत्रों का विकास — ये सभी कार्य अमृतसर की गरिमा और वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करेंगे।

सोमवार को मीडिया से बातचीत में तरुण चुग ने कहा कि अमृतसर केवल एक शहर नहीं, बल्कि आस्था, बलिदान और भारतीय सभ्यता की आत्मा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस संवेदनशीलता के साथ इस पवित्र नगरी के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं, वह यह साबित करती हैं कि केंद्र सरकार पंजाब को केवल राजनीतिक दृष्टि से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय धरोहर के रूप में देखती है।

चुग ने कहा कि अमृत जैसी योजनाएं प्रधानमंत्री मोदी की उस प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब हैं, जिसमें पंजाब के विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता का दर्जा दिया गया है। अब आवश्यकता है कि राज्य सरकार इन योजनाओं को ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से लागू करे, ताकि अमृतसर सहित पूरे पंजाब के शहरी नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *