प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम में 9 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, आइजोल पहली बार रेलवे मानचित्र पर शामिल
आइजोल, 13 सितंबर (Udaipur Kiran News)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मिजोरम में 9 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे अहम है 8,070 करोड़ रुपये की लागत से बनी बैराबी–सैरांग रेल लाइन, जिसने राज्य की राजधानी आइजोल को पहली बार भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ दिया है।

खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी स्वयं आइजोल नहीं पहुंच सके और उन्होंने लंगपुई हवाई अड्डे से वर्चुअल माध्यम से जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल वी. के. सिंह, मुख्यमंत्री लालदूहामा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आइजोल स्थित लम्मुआल मैदान में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “आज का दिन केवल मिजोरम ही नहीं, पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। अब आइजोल भारतीय रेल मानचित्र पर शामिल हो गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कई चुनौतियों के बावजूद बैराबी–सैरांग रेल लाइन का पूरा होना दृढ़ निश्चय और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।”
उन्होंने बताया कि यह रेल परियोजना न केवल रोजगार सृजन करेगी, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देगी और शैक्षिक, सांस्कृतिक व आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों की भी शुरुआत की, जिससे मिजोरम की राजधानी को अब दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल जाएगी। उन्होंने कहा, “पहली बार सैरांग से दिल्ली के लिए राजधानी एक्सप्रेस शुरू हो रही है। यह न केवल भौगोलिक दूरी घटाएगी, बल्कि दिलों को भी और करीब लाएगी।”
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने मिजो समाज की त्याग, सेवा और साहस की परंपरा को याद किया और कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक मिजोरम का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि मिजोरम, ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और उभरते ‘नॉर्थ ईस्ट इकोनॉमिक कॉरिडोर’ का महत्वपूर्ण केंद्र है और आज पूर्वोत्तर भारत देश का नया विकास इंजन बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने अंत में भगवान पाथियन को नमन करते हुए कहा, “आज मैं भले ही सीधे आपके बीच नहीं आ पाया, लेकिन आपका स्नेह और आशीर्वाद यहां से भी महसूस कर रहा हूं। हमारे दिल हमेशा जुड़े रहे हैं।”



