Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

प्रधानमंत्री मोदी ने किया 11,000 करोड़ रुपये की दो प्रमुख सड़कों का उद्घाटन, दिल्ली-एनसीआर को मिलेगा ट्रैफिक से राहत

नई दिल्ली, 17 अगस्त (Kiran News) . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के रोहिणी में करीब 11,000 करोड़ रुपये की लागत वाली दो अहम राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, एलजी वीके सक्सेना, केंद्रीय मंत्री अजय टमटा, हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।

pm modi road project

कार्यक्रम की शुरुआत में नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत चंदन की लकड़ी से बनी राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंटकर किया। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को मिली नई सौगातों के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी भारत को वैश्विक मंच पर अग्रणी बनाने और स्वदेशी तकनीक के विकास का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया।

पहली राजमार्ग परियोजना द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा है, जिसकी लंबाई 10.1 किलोमीटर है और जिस पर करीब 5,360 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह राजमार्ग यशोभूमि, मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन, बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका बस डिपो से जुड़ता है। इसका एक हिस्सा शिव मूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21 तक तथा दूसरा हिस्सा द्वारका सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक है। हरियाणा वाला हिस्सा मार्च 2024 में शुरू हो चुका है।

दूसरी परियोजना शहरी विस्तार सड़क-II (यूईआर-II) है, जो अलीपुर से ढिंचाऊ कलां तक जाती है। इसकी लंबाई 33 किलोमीटर है और लागत करीब 5,580 करोड़ रुपये है। यह सड़क दिल्ली को बहादुरगढ़ और सोनीपत से जोड़ती है, जिससे दिल्ली के ट्रैफिक में कमी आएगी और मालवाहक ट्रकों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही, दिल्ली के भीतरी और बाहरी रिंग रोड, मुकरबा चौक, धौला कुआं और एनएच-09 जैसे मुख्य चौराहों पर भी ट्रैफिक का दबाव घटेगा। यह परियोजना एनसीआर क्षेत्र में जीवन को और आसान बनाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *