Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है : प्रधानमंत्री

गोवा जिला पंचायत चुनावों में भाजपा शीर्ष पर का पोस्टर

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा जिला पंचायत चुनावों में भाजपा–एमजीपी गठबंधन को मिली मजबूत जीत पर गोवा की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि वह गोवा की बहनों और भाइयों का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने जेडपी चुनावों में भाजपा-नीत राजग (भाजपा–एमजीपी) परिवार को मजबूत समर्थन दिया। यह जनादेश गोवा के विकास के प्रयासों को और गति देगा तथा राजग गोवा के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने इस सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करने वाले एनडीए कार्यकर्ताओं को भी दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री सावंत ने एक्स पोस्ट में कहा कि गोवा में भाजपा नंबर एक पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने गोवा की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रचंड जीत से लोगों का विश्वास ‘डबल इंजन सरकार’ और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में और मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन ‘विकसित गोवा’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में विकास को नई गति देगा।

भाजपा ने सोमवार को गोवा जिला पंचायत चुनाव में 50 सीटों वाली इकाई में 30 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 50 सीटों में से भाजपा को 30 सीटें मिलीं, कांग्रेस को आठ सीटें मिलीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने पांच सीटें जीतीं। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) को दो सीटें मिलीं और गोवा फॉरवर्ड पार्टी, आम आदमी पार्टी और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी ने एक-एक सीट जीती। भाजपा ने एमजीपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने जीएफपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा।

———–

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *