Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
GUJARAT

सरकारी योजनाओं का लाभ संतृप्त की स्थिति तक पहुँचाना प्रधानमंत्री का संकल्प सराहनीय : मुख्यमंत्री

मन की बात के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री
‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण देखते हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 126वीं कड़ी का सुना सीधा प्रसारण

गांधीनगर, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ संतृप्त की स्थिति तक पहुँचाने का प्रधानमंत्री का संकल्प सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह आम जनता के लिए बहुत ही सुखद बात है। वे रविवार को अहमदाबाद के चांदखेडा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 126वीं कड़ी का सीधा प्रसारण सुनने के बात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

राज्य सूचना विभाग ने अपने बयान में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जन-जन तक पहुँचने के लिए 3 अक्टूबर 2014 विजया दशमी के दिन से अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को शुरू किया था। प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से नागरिकों के साथ संवाद साधते हैं। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 126वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ के 126वीं कड़ी के बाबत मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि यह एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें देश सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में प्रेरणादायी कार्य करने वाले लोगों को जानता है। प्रधानमंत्री ने हमेशा छोटे तथा सुदूरवर्ती मानव को मुख्य धारा में लाने की कटिबद्धता दर्शाई है। इसी कारण प्रत्येक सरकारी योजना को आम आदमी को केन्द्र में रखकर बनाया जाता है। पटेल ने जोड़ा कि प्रधानमंत्री का यह संकल्प है कि सरकारी योजना के लाभ सेचुरेशन की स्थिति तक पहुँचें। यह बहुत बडी बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आज सरकार गाँव-गाँव तक पहुँच कर सरकारी योजना के देय लाभ नागरिकों को दे रही है। उन्होंने कहा कि अनाज वितरण, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास जैसी अनेक योजनाओं के लाभ पात्रता रखने वाले लोगों को उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। आयुष्मान योजना आज गरीबों एवं सामान्य वर्ग की संजीवनी बनी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा के रूप में जन आंदोलन शुरू किया है। 25 सितंबर से 25 दिसंबर यानी 90 दिनों तक चलने वाले इस जन आंदोलन में स्वदेशी एवं आत्मनिर्भर भारत के अभियान को वेगवान बनाकर लोगों को सक्रिय रूप से स्वदेशी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान, कैच द रेन, एक पेड़ माँ के नाम जैसे जन अभियानों का उल्लेख करते हुए उपस्थित सभी लोगों से स्वदेशी अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का अनुरोध किया।

उन्होंने इस अवसर पर चांदखेडा में चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने चांदखेडा में स्थानीय दुकानदारों की दुकानों पर नई जीएसटी दरों के लाभों से संबंधित स्टिकर लगाकर नागरिकों के लिए लाभदायी नई जीएसटी दरों का स्वागत किया।

इससे पहले स्थानीय विधायक अल्पेशभाई ठाकोर ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने चांदखेडा क्षेत्र के विकास तथा बुनियादी जरूरतों के लिए 500 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी है। अहमदाबाद महानगर पालिका ने भी क्षेत्र के विकास एवं जन सुख-सुविधा के लिए अनेक सुविधाएँ स्थापित की हैं।

इस अवसर पर अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन, राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन, साबरमती के विधायक हर्षदभाई पटेल, अग्रणी प्रेरकभाई शाह, पार्षद, सामाजिक एवं राजनीतिक अग्रणी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *