Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

सीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन : कोलकाता पुलिस ने बीएलओ के खिलाफ स्वतः संज्ञान मामला दर्ज किया

चुनाव

कोलकाता, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (सीईओ) के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान हंगामे को लेकर कोलकाता पुलिस ने कुछ बूथ लेवल अधिकारियों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने जबरन सीईओ कार्यालय में घुसने की कोशिश की, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रोकने का प्रयास किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि इस मामले में हेयर स्ट्रीट थाने में कानून की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रदर्शन स्थल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना सोमवार को हुई, जब बीएलओ के एक समूह ने मध्य कोलकाता में सीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस का आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पर चढ़कर सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। हालात काबू में करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस घटना में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

प्रदर्शनकारी बीएलओ का कहना है कि प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद से चुनाव आयोग के एप्लीकेशन में बार-बार बदलाव किए जा रहे हैं। इससे बूथ स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों में भ्रम और मानसिक तनाव बढ़ गया है। उनका आरोप है कि एक के बाद एक निर्देश तो जारी किए जा रहे हैं, लेकिन उनके पीछे की वजहों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।

बीएलओ का यह भी कहना है कि प्रारूप मतदाता सूची में सामने आ रही गलतियों को लेकर आम नागरिकों में भी चिंता बढ़ी है। सोमवार को बीएलओ अधिकार संरक्षण समिति के प्रतिनिधि मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलने के लिए उनके कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने के बाद तनाव बढ़ गया और प्रदर्शन उग्र हो गया।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि बीएलओ अधिकार संरक्षण समिति पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर रही है। यह समिति सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की करीबी मानी जाती है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *