Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

पल्स पोलियो अभियान: एक भी बच्चा न छूटे, अभिभावक अनिवार्य रूप से दिलवाएं बच्चों को खुराक: अपूर्व देवगन

अपूर्व देवगन उपायुक्त मंडी।

मंडी, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आगामी 21 दिसंबर को पूरे देश के साथ-साथ मंडी जिला में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा है कि अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंदें अनिवार्य रूप से पिलाई जाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके परिवार में पांच वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा इस खुराक से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 64 हजार 500 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 1100 से अधिक पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के संचालन के लिए 4450 से अधिक बूथ टीम सदस्य तथा 228 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। 21 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अन्य सरकारी परिसरों में बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाई जाएंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी बच्चे को पहले भी पोलियो की बूंदें पिलाई जा चुकी हों या हाल ही में कोई अन्य नियमित टीकाकरण किया गया हो, तब भी 21 दिसंबर को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। जो बच्चे अभियान के दिन खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 22 और 23 दिसंबर को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।

मंडी शहर में 14 पोलियो बूथ स्थापित

उपायुक्त ने बताया कि मंडी शहर में जोनल अस्पताल, सीएसडी कैंटीन, सुहड़ा मोहल्ला, राप्रापा जेल रोड, राप्रापा थनेहड़ा, ब्यॉयज स्कूल, आर्य समाज मंदिर, गर्ल स्कूल, केहनवाल रोड, केंद्रीय विद्यालय, माध्यमिक पाठशाला पड्डल, बंगला मंदिर, नामदारी गुरुद्वारा तथा बस स्टैंड ट्रांजिट प्वाइंट पर कुल 14 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि प्रवासी आबादी, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों तथा यात्रा के दौरान बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चे हैं, वे 21 दिसंबर को उन्हें नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलवाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि भविष्य में भी बनी रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *