Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
PUNJAB

पंजाबः फतेहगढ़ साहिब जोड़ मेला में संगतों की सुरक्षा को 3400 पुलिस कर्मी तैनात

पंजाब पुलिस महानिदेशक फतेहगढ़ साहिब में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए
सासास

-डीजीपी ने रूट डायवर्जन का लिया जायजा-समारोह स्थल को छह सेक्टरों में बांटा गया

चंडीगढ़, 25 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छोटे साहिबजादों की अमर शहादत की स्मृति में फ़तेहगढ़ साहिब में आरंभ हो रही वार्षिक तीन दिवसीय शहीदी सभा के मद्देनजर पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुवार को गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में मत्था टेका। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक समागम के सुचारु, शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई बहु-स्तरीय सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया।

दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादे बाबा ज़ोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को समर्पित यह तीन दिवसीय वार्षिक शहीदी सभा आज से गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में आरंभ हो गई है।

इस मौके पर डीजीपी पंजाब ने रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह और एसएसपी फ़तेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल के साथ सुरक्षा एवं प्रबंधन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया तथा मैदानी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूरे क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पूरे समागम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह एसपी रैंक के अधिकारियों और 24 डीएसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में 3,400 से अधिक पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात किए गए हैं।

उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य संगतों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है। पंजाब पुलिस इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और सेवाभाव से निभा रही है।” उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता के साथ-साथ शिष्टाचारपूर्ण और जन-हितैषी व्यवहार अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी ने बताया कि संगतों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। गुरुद्वारा साहिब के 200 मीटर के दायरे को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया गया है तथा 22 निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब तक संगतों की आवाजाही के लिए ई-रिक्शा, ऑटो और शटल बस सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

यातायात प्रबंधन और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा गूगल के सहयोग से पार्किंग स्थलों की रियल-टाइम जियो-टैगिंग की गई है तथा रणनीतिक स्थानों पर दिशा-निर्देशक साइन बोर्ड लगाए गए हैं।

सुरक्षा निगरानी को सुदृढ़ करने के लिए छह ड्रोन और लगभग 300 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं, जिनके माध्यम से भीड़ की आवाजाही, ट्रैफिक प्रवाह और पार्किंग क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही समाज-विरोधी तत्वों पर भी पैनी नज़र रखी जा रही है। संगतों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता, चिकित्सा सेवाएं और अग्निशमन सेवाएं प्रदान करने हेतु छह एकीकृत हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एकीकृत कंट्रोल रूम, जन-सहायता कियोस्क, विशेष आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें तैनात की गई हैं तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, स्पेशल ब्रांच और खुफिया एजेंसियों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *