Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
SPORTS

पीवीएल 2025 : युडी यामामोटो के शानदार प्रदर्शन से हैदराबाद ब्लैक हॉक्स की 3-1 से जीत

पीवीएल 2025

हैदराबाद, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आरआर केबल प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) पावर्ड बाय स्कैपिया के रोमांचक मुकाबले में गुरुवार को हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने गोवा गार्डियंस को 3-1 (15-13, 20-18, 15-17, 15-9) से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। ब्राज़ीलियाई स्टार युडी यामामोटो को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ हैदराबाद ब्लैक हॉक्स सात अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई।

मेजबान टीम हैदराबाद ने पहले दो सेटों में बेहतरीन तालमेल दिखाया। युडी यामामोटो और साहिल कुमार ने नेट पर लगातार दबाव बनाते हुए गोवा के डिफेंस को परेशान रखा। गार्डियंस के नाथनियल डिकिंसन और चिराग यादव ने जोरदार स्पाइक्स से जवाब देने की कोशिश की, लेकिन साहिल के निर्णायक स्पाइक ने ब्लैक हॉक्स को पहला सेट 15-13 से दिला दिया।

दूसरे सेट में गोवा ने शुरुआत में बढ़त हासिल की। दुष्यंत सिंह के शानदार ब्लॉक और प्रिंस की नेट पर उपस्थिति ने गार्डियंस को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि हैदराबाद के नियाज़ अब्दुल ने ड्यूस तक खेल को खींचते हुए विपक्षी ब्लॉकर्स को छकाया। इसके बाद साहिल कुमार ने निर्णायक पॉइंट लेकर ब्लैक हॉक्स को 20-18 से दूसरा सेट जीताया।

तीसरे सेट में गोवा गार्डियंस ने शानदार वापसी की। दुष्यंत सिंह की सुपर सर्व और प्रिंस-गौरव यादव की जोड़ी ने टीम को 15-17 से सेट अपने नाम करने में मदद की। लेकिन यह लय ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। चौथे सेट में हैदराबाद ने फिर से अपना आक्रामक रूप दिखाया।

चौथे सेट में शिखर सिंह की बेहतरीन ब्लॉकिंग और यामामोटो के लगातार हमलों ने गोवा को संभलने का मौका नहीं दिया। गार्डियंस की अनफोर्स्ड एरर्स ने हैदराबाद की बढ़त को और बढ़ा दिया और टीम ने सेट 15-9 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत से हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने न केवल आत्मविश्वास हासिल किया, बल्कि आगामी मैचों के लिए अपनी फाइनल रेस में वापसी की उम्मीदों को भी मजबूत कर लिया।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *