Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

रायगढ़ : दीपावली पर जिला अस्पताल अलर्ट मोड पर , इमरजेंसी में 24 घंटे डॉक्टरों की ड्यूटी

अस्पताल

रायगढ़ , 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली के दौरान किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मरीजों की सुविधा के लिए बिस्तर आरक्षित कर दिए गए हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही इमरजेंसी वार्ड में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक भर लिया गया है। जिला प्रशासन ने ड्यूटी चार्ट तैयार कर डॉक्टरों और स्टाफ की जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं।

जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज दोनों में इस बार विशेष तैयारी की गई है। दीपावली के तीनों दिन यानी 19 से 21 अक्टूबर तक डॉक्टर 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इमरजेंसी वार्ड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की ऑनकॉल टीम उपलब्ध रहेगी। त्योहार के दौरान हर साल झुलसने और फूड प्वाइजनिंग के मामले सामने आते हैं, इसलिए इस बार सीएचसी और पीएचसी स्तर पर भी सुव्यवस्थित इलाज की व्यवस्था की गई है।

बर्न वार्ड में विशेष इंतजाम

दीपावली पर जलने और झुलसने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल में 5 बिस्तरों का विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया है। यहां डॉक्टर, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, कैमिस्ट और सुरक्षा गार्ड की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।

सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि 19 से 21 अक्टूबर तक हर शिफ्ट में दो डॉक्टर तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को तत्काल बुलाया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज में विशेष टीम

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भी दीपावली के दौरान इमरजेंसी के लिए स्पेशल कैजुअल्टी टीम बनाई गई है।

सीएस डॉ. मनोज मिंज ने बताया कि सभी विभागाध्यक्षों (HODs) को त्योहार के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी दुर्घटना या आकस्मिक घटना की स्थिति में मरीज को तुरंत इलाज प्रदान किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / रघुवीर प्रधान

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *