प्रदेश के एक दर्जन शहरों में बारिश, बूंदी और टोंक में दो इंच तक पानी
जयपुर, (Kiran News)।राजस्थान में सोमवार को एक दर्जन से अधिक शहरों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। बूंदी के नैनवा में सबसे अधिक ढाई इंच वर्षा हुई, जबकि टोंक में भी दो इंच के करीब बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, शेष कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश की कमी के कारण जैसलमेर और बीकानेर का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। बीकानेर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा दर्ज हुआ। जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और तेज धूप के साथ लोगों को उमस और गर्मी का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, झालावाड़, जैसलमेर, कोटा, बाड़मेर और हनुमानगढ़ सहित कई जगहों पर बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग ने बताया कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में मानसूनी सिस्टम बनने से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मानसून सक्रिय हो जाएगा और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। रविवार को डूंगरपुर के चिकली में सर्वाधिक 51 मिमी बारिश दर्ज की गई।



