Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नए साल का जश्न मनाने के लिए राजस्थान पर्यटकों से गुलजार, राहुल–प्रियंका गांधी रणथंभौर पहुंचे

फाइल

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नए साल के जश्न के मौके पर राजस्थान पूरी तरह उत्सव के रंग में डूब गया है। जयपुर, उदयपुर, जैसलमेर सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। होटल, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस पूरी तरह फुल हो चुके हैं, वहीं बाजारों और पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ है। सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बड़े शहरों में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नए साल का जश्न मनाने सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर पहुंच गए हैं। मंगलवार दोपहर उनके रणथंभौर पहुंचने पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनकी मौजूदगी के चलते इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

जयपुर में मंगलवार सुबह से ही आमेर महल, हवा महल, अल्बर्ट हॉल, नाहरगढ़ दुर्ग और जंतर-मंतर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हवा महल के बाहर सुबह से ही पर्यटकों की कतारें नजर आईं। चांदी की टकसाल रोड सहित कई इलाकों में ट्रैफिक धीमा रहा। ऐसी ही स्थिति उदयपुर और जैसलमेर की भी रही, जहां पर्यटक स्थलों और बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली।

जैसलमेर में इस बार न्यू ईयर पर पर्यटकों ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हर साल 25 से 31 दिसंबर के बीच जहां करीब तीन लाख सैलानी आते थे, वहीं इस बार यह आंकड़ा छह लाख के पार पहुंच गया है। सम के मखमली धोरों से लेकर सोनार किले और बाजारों तक सैलानियों की भीड़ उमड़ी हुई है। प्रशासन ने कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है।

धार्मिक स्थलों पर भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। खाटूश्यामजी (सीकर), सालासर बालाजी (चूरू), मेहंदीपुर बालाजी (दौसा) और सांवलिया सेठ (चित्तौड़गढ़) में सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। खाटूश्यामजी में पिछले चार दिनों से लगातार भारी भीड़ के चलते दर्शन में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग रहा है।

न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों को ‘शराब पीकर वाहन न चलाएं’ का संदेश देने के निर्देश दिए हैं। स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव न केवल चालक बल्कि आम नागरिकों के लिए भी खतरा है। महिला सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, डीजे और माइक के नियमानुसार उपयोग तथा हुक्का बार पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पाली जिले के जवाई क्षेत्र में भी न्यू ईयर पर खास आकर्षण देखने को मिल रहा है। जवाई लेपर्ड कंजर्वेशन एरिया में रोजाना 1500 से 2000 सैलानी पहुंच रहे हैं। लेपर्ड सफारी, ऑफ रोडिंग और ग्रामीण संस्कृति का अनुभव लेने के लिए पर्यटक यहां खास तौर पर पहुंच रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *