Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान पुलिस का नवाचार : पुलिसकर्मियों को दी जाएगी शालीन व्यवहार की ट्रेनिंग

jodhpur

जोधपुर, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (आरपीटीसी) में पुलिस-आमजन संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की गई है। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अब पुलिस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में व्यवहार विषय को विशेष अध्याय के रूप में शामिल किया गया है। इस नवाचार का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को न केवल कानून के प्रति दक्ष बनाना है, बल्कि उन्हें शालीन, संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार के लिए भी प्रशिक्षित करना है, ताकि आम नागरिकों के साथ उनका संवाद सकारात्मक और विश्वासपूर्ण हो सके।

आरपीटीसी के प्राचार्य अमित जैन ने बताया कि नए व्यवहार अध्याय के अंतर्गत जवानों को आमजन से संवाद, जनसंपर्क कौशल, तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयम, मानवीय दृष्टिकोण और कानूनसम्मत आचरण की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान यह भी सिखाया जाएगा कि किस प्रकार पुलिस अपनी भूमिका निभाते हुए नागरिकों की गरिमा और अधिकारों का सम्मान कर सकती है। साथ ही नए आपराधिक कानूनों को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है, जिससे जवान वर्तमान कानूनी ढांचे से भली-भांति परिचित हो सकें।

59 हजार से अधिक रिक्रूट्स को दिया प्रशिक्षण :

डीजीपी राजीव शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस को अधिक सशक्त, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। प्रशिक्षण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। आरपीटीसी जोधपुर अब तक 59,041 से अधिक रिक्रूट्स को प्रशिक्षण दे चुका है, जहां एसआई, प्लाटून कमांडर और कांस्टेबल को आधारभूत से लेकर उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। साइबर क्राइम, वीआईपी सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन जैसे आधुनिक कोर्स के साथ अब व्यवहारिक प्रशिक्षण को जोडक़र सेंटर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

आरपीटीसी परिसर के बाहर लगाया नया साइन बोर्ड

नए प्राचार्य अमित जैन के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर को अपग्रेड और आधुनिक बनाने की कवायद भी तेजी से चल रही है। हाल ही में सेंटर परिसर के बाहर साइन बोर्ड लगाया गया है, जो इसकी नई पहचान का प्रतीक बन रहा है। इसके अलावा हाल में व्यवहार, संवेदनशीलता और आधुनिक प्रशिक्षण के इस समन्वय से आरपीटीसी जोधपुर न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिष्ठा को निरंतर ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *