Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

असम में हाथियों से टकराने के बाद राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं

हाथियों से टकराने के बाद राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतरने की तस्वीर।

गुवाहाटी, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । असम में शनिवार तड़के बड़े हादसे में 20507 डाउन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिससे इंजन सहित ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 2:17 बजे लामडिंग मंडल के अंतर्गत जमुनामुख–कामपुर सेक्शन में हुई, जो गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर है। सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेनें और लिमडिंग मंडल मुख्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया।

यात्रियों की सहायता के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर सक्रिय कर दिए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर हैं— 0361-2731621, 0361-2731622 और 0361-2731623। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक तथा लामडिंग मंडल रेल प्रबंधक सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

रेलवे की तरफ से बताया गया कि पटरी से उतरे डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। गुवाहाटी में अतिरिक्त कोच जोड़ कर ट्रेन आगे की यात्रा शुरू करेगी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह घटना ऐसे स्थान पर हुई है जो घोषित हाथी गलियारा नहीं है। लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखकर आपात ब्रेक लगाया, इसके बावजूद हाथी ट्रेन से टकरा गए।

इस बीच, प्रभावित सेक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन के माध्यम से डायवर्ट किया गया है। रेल यातायात सामान्य करने के लिए बहाली का कार्य जारी है।

———-

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *