Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

राजगढ़ः एकादशी पर बाबा खाटू श्याम मंदिर पर उमड़ी श्रद्वालुओं की भीड़

बाबा खाटू श्याम मंदिर पर उमड़ी श्रद्वालुओं की भीड़

राजगढ़, 15 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के राजगढ़ ब्यावरा नगर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को सफला एकादशी का पावन पर्व श्रद्वा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विशेष पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति के द्वारा पूर्व से व्यापक और सुदृढ़ तैयारियां की गई। इस अवसर पर बाबा श्याम का दिव्य श्रंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे एवं सुगंधित गेंदा के फूलों से किया गया। पुष्पों से सजे बाबा के आलौकिक स्वरुप ने श्रद्वालुओं को भावविभोर कर दिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों, पुष्प मालाओं और पारंपरिक सजावट से भव्य रुप दिया गया। मंदिर में सुबह मंगला आरती से भक्तों की लंबी कतारें लगना शुरु हुई, जो देर रात तक अनवरत रुप से जारी रही।

इस अवसर पर नगर के साथ-साथ आसपास के गांव, कस्बों और जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पैदल, वाहनों और संगठित जत्थों के साथ दर्शन करने पहुंचे। सफला एकादशी के पावन पर्व पर कई गांवों से भव्य निशान यात्राएं निकाली गई, जिसमें ढ़ोल-नगाड़ों,संगीतमय धुन पर झूमते हुए श्रद्वालु शामिल हुए और बाबा के दरबार में निशान समर्पित किए। शहर के पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकाली गई विशाल निशान यात्रा आर्कषण का केन्द्र रही, जिसमें महिला-पुरुषों के साथ बच्चे और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

अत्यधिक भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा, शहर थाना पुलिस द्वारा अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सफला एकादशी का विशेष महत्व है, इस दिन भगवान विष्णू एवं लक्ष्मी मां की विधिवत पूजा-अर्चना करने से जीवन में सुख-समृद्वि और सफलता की प्राप्ति होती है।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *