राजगढ़ः देश के अग्रणी और विकासशील राज्यों में होती है प्रदेश की गिनती- राज्यमंत्री पंवार

राजगढ़, 22 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । डबल इंजन की सरकार से प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है, वर्ष 2003 से पूर्व कांग्रेस शासन में मध्य प्रदेश बीमारु राज्य की श्रेणी में चला गया था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास की नई उंचाइयां छुई है। आज मध्यप्रदेश की गिनती देश के अग्रणी और विकासशील राज्यों में होती है। यह बात राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने सोमवार को सुठालिया के मउ ग्राम में प्रदेश सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री पंवार ने जिले में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मोहनपुरा-कुंडालिया डेम,सुठालिया परियोजना एवं पार्वती परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के कारण क्षेत्र में चारों तरफ जल उपलब्धता बढ़ी है, इससे कृषि को मजबूती मिली है, किसान समृद्व और खुशहाल हुआ है साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हुई है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना का उल्लेख किया साथ ही कहा कि सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने आमजन के जीवन को आसान बनाया है। सरकार की नीतियां अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व स्पष्ट दृष्टि, सशक्त निर्णय और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला है, उनकी योजनाएं पारदर्शिता, समयबद्व क्रियान्वयन और तकनीक के माध्यम से देश के नागरिकों को सशक्त बना रही है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव उसी दृष्टि को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश को विकास, सुशासन और जनसेवा के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा रहे है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, संयोजक निर्मल जैन, जिला महामंत्री ममता इंदौरिया, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, मंडल अध्यक्ष श्यामसिंह चैहान, राजू यादव, कल्याण गुर्जर, बलवानसिंह, जसवंत गुर्जर, अमित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक



