Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम: युवाओं को सही दिशा प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी: राकेश कादियान

गुरुग्राम में नशे के विरुद्ध जागरुकता रैली निकालते जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, पारा लीगल स्वयंसेवक।

-नशा मुक्त हरियाणा के लिए डीएलएसए ने निकाली जन जागरुकता रैली

-सीजेएम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करके स्वस्थ जीवन अपनाने का किया आह्वान

-नि:शुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं पुनर्वास सेवाओं की दी गई जानकारी

गुरुग्राम, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम द्वारा मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर के समीप एक जन-जागरुकता रैली निकाली गई। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करना तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस जागरुकता रैली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, पारा लीगल स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, नशा मुक्त हरियाणा जैसे नारों के माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम राकेश कादियान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो विशेष रूप से युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा, नैतिक शिक्षा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा न केवल जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, बल्कि नशे से प्रभावित व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, परामर्श तथा पुनर्वास सेवाओं से जोडऩे के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रैली के दौरान आम जनता को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। लोगों से अपील की गई कि वे नशे के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाएं तथा इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *