Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

बैठक में मौजूद अधिकारी।

धर्मशाला, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कांगड़ा जिला के प्ररागपुर में राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 की अग्रिम तैयारियों को लेकर वीरवार को खंड विकास अधिकारी प्रागपुर के कार्यालय में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसडीएम ने राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला आयोजन से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को पारंपरिक स्वरूप के साथ और अधिक भव्यता से मनाया जाएगा। उन्होंने हेरिटेज धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में सभी विभागों एवं आम जनता से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान सभी विभाग अपनी-अपनी विभागीय प्रदर्शनियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके। इसके साथ उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए कि वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करें, जिसमें लोक नृत्य, लोक गीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों को विशेष रूप से शामिल किया जाए तथा विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी प्रागपुर व पंचायत प्रागपुर को बाजार क्षेत्र व कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, शौचालय, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *