Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मध्य प्रदेश के स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के रितेश सरोठिया को मिला अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

रितेश सिरोठिया (फाइल फोटो)

– उत्कृष्ट कार्य के लिये यूनाइटेड नेशन ने किया पुरस्कृत

भोपाल, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के वन विभाग के अंतर्गत गठित स्टेट टाइगर फोर्स के उप वन संरक्षक (भारतीय वन सेवा के अधिकारी) रितेश सरोठिया को वन एवं वन्य-जीव अपराध की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिये यूनाइटेड नेशन द्वारा ‘द एशिया एनवायरमेंटल इन्फोर्समेंट रिकगनिशन ऑफ एक्सीलेंस अवॉर्ड 2024-25 प्रदान किया गया है। यह अवॉर्ड यूएनईपी द्वारा 17 अक्टूबर को बैंकाक (थाईलेंड) में हुए वर्चुअल समारोह में दिया गया। यह जानकारी शनिवार को जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने दी।

उन्होंने बताया कि यूनाइटेड नेशन द्वारा उक्त अवॉर्ड उन व्यक्तियों, सरकारी संस्थाओं को प्रदान किया जाता है जो देश से सीमापार अपराध अन्वेषण में राष्ट्रीय कानूनों के प्रवर्तन में उत्कृष्ट नेतृत्व का प्रदर्शन करते हैं। इसमें वन्य-जीव और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, खनिजों और रेत का अवैध व्यापार परिवहन, अपशिष्ट रसायनों, कीटनाशक का अवैध व्यापार, ओजोन क्षयकारी पदार्थ और हाइड्रोफ्लोरोकार्बन के अवैध व्यापार की रोकथाम के लिये दिया जाता है। अवॉर्ड चयन के लिये अंतरराष्ट्रीय स्तर की ज्यूरी, जिसमें प्रतिष्ठित संस्थाओं में यूएनईपी, इंटरपोल, यूएनओडीसी, वर्ल्ड बैंक, एसआईटीईएस और यूएनडीपी के प्रतिनिधि द्वारा गहन विचार-विमर्श के बाद दिया जाता है।

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष के अवॉर्ड में वन्य-जीवों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रूप से नियंत्रण के लिये उत्कृष्ट कार्य करने वाले भारत चीन, इंडोनेशिया और सिंगापुर की कुल 7 कानून प्रवर्तन संस्था/अधिकारियों को विभिन्न श्रेणी में सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश के स्टेट टाइगर फोर्स के प्रभारी रितेश सरोठिया ने अंतरराष्ट्रीय वन्य-जीव संगठित गिरोहों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की, जिनका नेटवर्क भारत, चीन, नेपाल, भूटान और म्यांमार में फैला है। उन्होंने कई कानून प्रवर्तन संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर वन अपराधों में लिप्त सरगनाओं को गिरफ्तार किया। सरोठिया ने सरगनाओं के विरुद्ध दर्ज प्रकरण का वैज्ञानिक अन्वेषण कर उन्हें सजा दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। सरोठिया को वन, वन्य-जीव कानून प्रवर्तन में अहम भूमिका निभाने के लिये सम्मानित किया गया।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन बल प्रमुख एवं वन संरक्षक वन्य-जीव के सतत मार्गदर्शन में कार्य करते हुए मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर फोर्स द्वारा श्री सरोठिया के नेतृत्व में विगत कुछ वर्षों में वन एवं वन्य-जीव अपराधों में लिप्त राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर लगभग 1500 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस इकाई द्वारा किये गये वन्य-प्राणी संरक्षण कार्य की सराहना न केवल प्रदेश, देश बल्कि देश के बाहर भी की गयी है। इंटरपोल द्वारा चार बार मध्य प्रदेश एसटीएफ की प्रशंसा की गयी। इससे पूर्व भी सरोठिया को तीन बार अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *