
लखनऊ, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश कार्यालय में भारत के प्रथम President और महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती बुधवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने अपने सम्बोधन में कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सत्य, सादगी, राष्ट्रनिष्ठा और समर्पण की प्रतिमूर्ति थे. देश के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय रही है. आज हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करना चाहिए.
इसके बाद राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने सम्बोधित करते हुए कहा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने कभी पद को नहीं, कर्तव्य को प्राथमिकता दी. आज के युवाओं को चाहिए कि वे उनके आदर्शों को अपनाएं और समाज में सेवा, ईमानदारी और एकता का संदेश फैलाएं.
प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीयता का श्रेष्ठ उदाहरण यदि किसी ने प्रस्तुत किया तो वह डॉ. राजेन्द्र प्रसाद थे. हमें यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और योगदान से प्रेरित होती रहें.
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, अंकुर सक्सेना, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
—————
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
