सीतापुर : शाहपुर पीएचसी पहुंचे डीएम, अव्यवस्था देख नोटिस, सेवा समाप्ति की कार्रवाई के दिए निर्देश


-अनुपस्थित एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्री की समाप्त हाेंगी सेवाएं
– एमओआईसी और स्टाफ नर्स के वेतन में भी हाेगी कटौती
सीतापुर , 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने आज बुधवार को बेहटा विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों की मनमानी देखी। पिछले कई दिनों से जिलाधिकारी के ताबड़तोड़ निरीक्षण के बावजूद भी सीतापुर के स्वास्थ्य विभाग में सुधार होता नहीं दिख रहा है।
बुधवार को डीएम ने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लेबर रूम, दवा स्टोर और रजिस्टरों की गहन जांच की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुसार जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी ही चाहिए। लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में लेबर रूम में समुचित उपकरणों, आवश्यक दवाओं तथा फोकस लैम्प की कमी पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने फार्मासिस्ट से दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही से सीधे जनता प्रभावित होती है। दवाओं, जांच किटों और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। मरीजों को सही परामर्श और जानकारी भी समय पर मिले। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्री को सेवा समाप्ति नोटिस व कार्यों में रुचि न लेने पर सीएचओ की वार्षिक वृद्धि में 5% कटौती एक आशा कार्यकर्ता को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं बीपीएम, बीसीपीएम और बैम का 15 दिन का वेतन काटने का निर्देश व प्रभारी अधिकारी की लापरवाही पर एक माह का वेतन रोका जाएगा। एमओआईसी और स्टाफ नर्स को भी वेतन कटौती व नोटिस जारी की गई।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



