Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

कांग्रेस नड्डा फोबिया से ग्रस्त, तथ्यों से भाग रही : सतपाल सत्ती

सतपाल सिंह सत्ती

शिमला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सतपाल सत्ती ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय पूरी तरह “जगत प्रकाश नड्डा फोबिया” से ग्रस्त हो चुकी है और इसी कारण वह तथ्यों से भागकर झूठे आरोप लगा रही है। सत्ती ने कहा कि नड्डा के शिमला दौरे और उनके स्पष्ट व तथ्यपरक बयानों से कांग्रेस घबराई हुई है, इसलिए वह भ्रम और दुष्प्रचार का सहारा ले रही है।

सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष के उस बयान को पूरी तरह गलत बताया, जिसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार ने आपदा के नाम पर हिमाचल को एक रुपया भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत, पुनर्वास, सड़क, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के लिए हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी है, लेकिन कांग्रेस सरकार इन पैसों का न तो सही उपयोग कर पाई और न ही जनता के सामने इसका सही हिसाब रख सकी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रक्रिया में है और यह तय नियमों के अनुसार जारी की जाती है। सत्ती ने सवाल उठाया कि कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि राज्य सरकार ने केंद्र को समय पर कितने प्रस्ताव, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजे हैं।

सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस को “डबल इंजन सरकार” पर सवाल उठाने से पहले अपनी सरकार का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है, कर्ज लगातार बढ़ रहा है, कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियां अटकी हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं। यह स्थिति भाजपा की नहीं, बल्कि कांग्रेस की नीतिगत विफलताओं का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल की मिट्टी से जुड़े नेता हैं, जिन्होंने हर मंच पर प्रदेश के हितों और आपदा राहत की मजबूती से आवाज उठाई है। कांग्रेस इसी सच्चाई से परेशान है और नड्डा के हर दौरे को राजनीतिक बताकर बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश की वित्तीय बदहाली कांग्रेस के कुप्रबंधन और गलत नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार आपदा के हर समय हिमाचल के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *