समुद्री तटों पर बढ़ेगी सुरक्षा, अतिरिक्त लाइफ गार्डो की होगी तैनाती
मुंबई, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । महानगर के प्रमुख समुद्रों तटों पर घूमने आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएंगे। बीएमसी प्रशासन ने तटों पर लाइफ गार्डों की तैनाती बढ़ाने का निर्णय लिया है। ताकि आपात स्थितियों में समंदर में डूब रहे लोगों को समय रहते बचाया जा सके।
मुंबई की कुल तटरेखा 145 किलोमीटर लंबी है। जुहू, दादर, गिरगांव, माहिम, वर्सोवा, गोराई और आक्सा मिलाकर कुल 12 समुद्री तटों पर लोग घूमने आते हैं। इन बीचों पर इस समय बीएमसी ने 93 लाइफ गार्ड तैनात किए हैं। कई बार तटों पर नहाते समय लोगों के डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं। लिहाजा लाइफ गार्डों की संख्या बढ़ाकर 137 करने का प्रस्ताव है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार दादर, गिरगांव, जुहू, वर्सोवा, गोराई और आक्सा ये 6 तट चिन्हित किए गए हैं, जहां डूबने की घटनाएं अधिक हुई हैं। मानसून के दौरान ऊंची लहरें उठने के कारण ये तट खतरनाक हो जाते हैं. इन तटो पर लाइफ गार्डो की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त लाइफ गार्ड की नियुक्ति के लिए एक निजी एजेंसी को नियुक्त करने के लिए टेंडर जारी किया गया है। चयनित एजेंसी तीन साल तक आवश्यक मानव बल उपलब्ध कराएगी। साथ ही एजेंसी को नौका, जेट स्की, फ्लोटिंग डिवाइस और ट्यूब्स भी उपलब्ध कराने होंगे। इसके अलावा 6 स्वदेशी रोबोटिक नौका और ड्रोन खरीदी के लिए पिछले महीने सितंबर में टेंडर जारी किए गए थे।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार



