Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मध्‍य प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी, अगले दो दिन कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट

मौसम (फाइल फोटो)

– पचमढ़ी-कल्याणपुर में रात का पारा 5 डिग्री से नीचे

भोपाल, 24 दिसम्‍बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। प्रदेश में अगले 24 घंटे में तापमान 2 से 3 डिग्री गिरने का अनुमान है। प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान मध्यम से अति घना कोहरा और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के चलते मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बुधवार रात से सर्दी और तेज हो जाएगी। अभी पचमढ़ी-कल्याणपुर ऐसे हैं, जहां रात का पारा 5 डिग्री से नीचे है।

प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे का कहर भी देखने को मिल रहा है। खासकर ग्वालियर, रीवा और सतना में विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक पहुंच गई हैं, जो ‘जीरो विजन’ जैसी है। दमोह, खजुराहो, नौगांव, मुरैना, सीधी, दतिया, इंदौर, भोपाल, राजगढ़, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, देवास, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल में भी सुबह घना कोहरा छा रहा है। कई जिलों में विजिबिलिटी यानी, दृश्यता इतनी कम रही कि सड़क पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो रहा है। क्रिसमस के बाद ठंड का असर बढ़ जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

इधर, रात के तापमान में फिर गिरावट दर्ज की गई है। 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 7.4 डिग्री, इंदौर में 6.4 डिग्री, ग्वालियर में 8.5 डिग्री, उज्जैन में 9.8 डिग्री और जबलपुर में 8.9 डिग्री रहा। प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 4.6 डिग्री, मंदसौर में 5.7 डिग्री, रीवा, खजुराहो-उमरिया में 6 डिग्री, शाजापुर में 6.1 डिग्री, नौगांव-राजगढ़ में 6.6 डिग्री, दतिया में 6.9 डिग्री, मलाजखंड में 7.5 डिग्री, सतना में 7.6 डिग्री, शिवपुरी में 8 डिग्री, रायसेन में 8.5 डिग्री, दमोह-मंडला में 8.6 डिग्री, नरसिंहपुर में 9.2 डिग्री, खरगोन में 9.6 डिग्री, बैतूल में 9.7 डिग्री और छिंदवाड़ा में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *