Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HEADLINES

‘शक्ति स्कॉलर्स’ यंग रिसर्च फेलोशिप की शुरुआत

राष्ट्रीय महिला आयोग

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने शक्ति स्कॉलर्स नाम से यंग रिसर्च फेलोशिप की सोमवार को शुरुआत की। इसके अंतर्गत महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर नीति-आधारित शोध करने के लिए युवा विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

एनसीडब्ल्यू ने एक बयान में बताया कि फेलोशिप 21 से 30 वर्ष की आयु के भारतीय नागरिकों के लिए है, जिनके पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम स्नातक की योग्यता हो। स्नातकोत्तर या उच्च शोध कर रहे अथवा पूर्ण कर चुके उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। प्रमाणित शोध क्षमता वाले स्वतंत्र शोधकर्ता भी आवेदन कर सकते हैं।

चयनित उम्मीदवारों को छह माह की शोध अवधि के लिए एक लाख रुपये का शोध अनुदान प्रदान किया जाएगा। यह राशि प्रगति के आधार पर चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी।

आवेदन 17 दिसंबर (सुबह 11 बजे) से 31 दिसंबर (शाम 5:30 बजे) तक ईमेल- sro-ncw@nic.in पर भेजे जा सकते हैं। आवेदनों का मूल्यांकन आयोग द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति करेगी तथा शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ऑनलाइन संवाद के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

फेलोशिप का उद्देश्य बहुविषयक शोध को प्रोत्साहित करना है। शोध के प्रमुख क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा, लैंगिक हिंसा, कानूनी अधिकार और न्याय तक पहुंच, साइबर सुरक्षा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (पोश) का कार्यान्वयन, महिलाओं का नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी, स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा और कौशल विकास, आर्थिक सशक्तीकरण, श्रम भागीदारी, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रथाएं तथा कार्यजीवन संतुलन शामिल हैं।

———-

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *