Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
PUNJAB

चुनाव परिणामों को अदालत में चुनौती देगा शिरोमणि अकाली दल: एनके शर्मा

अकाली दल कोषाध्यक्ष एनके शर्मा पत्रकारों से बातचीत करते हुए

चंडीगढ़, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने जिला परिषद तथा ब्लॉक समीति चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा है कि अकाली दल चुनाव परिणाम को सिरे से खारिज करता है और आप सरकार तथा अधिकारियों की मिली भुगत के खिलाफ चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती दी जाएगी।

आज यहां पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक ने आंकड़ों पर आधारित जानकारी पेश करते हुए कहा कि चुनावों की घोषणा से लेकर परिणामों के ऐलान तक आम आदमी पार्टी ने यह चुनाव सरकारी मशीनरी का दुरपयोग करके लड़ा है। सरकार के इशारे पर काम करने वाले अधिकारी अपने दफ्तरों की बजाए आप नेताओं के दफ्तरों में बैठते थे।

शर्मा ने कहा कि जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति चुनाव की मतगणना के दौरान डेराबस्सी में कई बक्सों की सील टूटी हुई थी। कई बक्सों में बैलेट पेपर के साथ पीठासीन अधिकारी की काउंटर स्लिप मिक्स थी। उन्होंने जब इस बात पर आपत्ति जताई तो अधिकारी कोई संतुष्टीजनक जवाब नहीं दे सके।

एनके शर्मा ने कहा कि गांव बहोड़ा में 50 वोट, परागपुर 90 वोट, गुरनानक कालोनी में 213, कुड़ावाला 195, परागपुर 189, खेड़ी गुजरां में 238, जवाहरपुर 117, भंखरपुर 93, अमलाला 117 समेत कुल 2283 वोट रिजेक्ट किए गए हैं। यह सभी वोट शिरोमणि अकाली दल के थे। हुमांयुपुर, तसींबली आदि में सरकार का धक्का नहीं चला तो वहां अकाली दल जीतकर आया है। शर्मा ने कहा कि इस मामले में कानूनी राय के बाद जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती दी जाएगी। बैलेट पेपर की इंक टेस्ट करवाने की मांग उठाई जाएगी।

शर्मा ने चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों, समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मेहनत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की नैतिक हार हुई है। चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी नहीं था। आआपा प्रमुख अरविंद केजरीवाल के निशाने पर अकाली दल था।

प्रेस तथा हाईकोर्ट के जज की मौजूदगी में दोबारा मतगणना की मांग करते हुए एनके शर्मा ने कहा कि आआपा सरकार ने अफसरशाही के सहारे चुनाव जीतकर जनता की आवाज को दबाया है। समय आने पर पंजाब की जनता इसका जवाब देगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *