शिवपुरीः स्कूलों के आसपास घूमने वाले मनचलों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

शिवपुरी, 18 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी में स्कूलों के आसपास घूमने वाले मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने तैयारी कर ली है। इसी के चलते उन्होंने स्कूलों पर पुलिस की चैकिंग स्क्वायड तैनात की है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर अनेक अभियान चलाये जा रहे हैं, जिससे तहत महिलाओं एवं बालिकाओं पर होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिये पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस चैकिंग स्क्वायड का गठन-
पुलिस ने बताया है कि आमतौर पर देखने में आता है कि जब स्कूलों की छुट्टी होने का समय होता है तो कई मनचले एवं आपराधिक तत्व स्कूलों के आसपास एकत्रित हो जाते हैं एवं स्कूल से निकलने वाली बालिकाओं को परेशान करते हुए छेड़छाड़ आदि घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसी के चलते कन्या विद्यालयों के बाहर छात्राओं को परेशान करने व छेड़छाड़ जैसी समस्याओं को संज्ञान में लेकर प्रभावी कार्यवाही हेतु पुलिस चैकिंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जो स्कूलों के आसपास मनचलों, असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत एक्शन लेगी।
प्रतिदिन चैकिंग करेगी स्क्वायड –
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा डीएसपी अजाक अवनीत शर्मा के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक । विद्यालय आदर्श नगर पुरानी शिवपुरी पर थाना देहात से उनि योगेन्द्र सिंह सेंगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या कोर्ट रोड पर थाना कोतवाली से उनि आदित्य प्रताप सिंह, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर बाजार पर, थाना कोतवाली से उनि शिखा तिवारी, शासकीय हाई स्कूल फिजीकल कालोनी पर सउनि सुमित सिंह सेंगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रामांक-1 पर थाना कोतवाली से उनि हरिशंकर शर्मा, सांदिपनी विद्यालय शिवपुरी पर महिला थाने से उनि प्रियंका पाराशर को मय पुलिस बल के प्रतिदिन चैकिंग स्क्वायड हेतु आदेशित किया गया है, जो दिए गए स्कूलों के आसपास मनचलों एवं संदिग्धों को समझाइस व कार्यवाही करेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा



