नई दिल्ली (Udaipur Kiran). केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से 4 और 5 सितंबर 2025 को उदयपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा. गुरुवार को दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ हुई बैठक में शिवराज सिंह ने शिविर के उद्देश्यों और कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय चिंतन शिविर में राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्री, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यक्षेत्र विशेषज्ञ, केंद्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, समुदाय के सदस्य, क्षेत्रीय कार्यकर्ता और लाभार्थी भाग लेंगे. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण भारत को गरीबीमुक्त करने और समृद्ध, लचीले ग्रामीण समुदायों के निर्माण पर विचार-विमर्श करना है. साथ ही, रोजगार के अवसर बढ़ाने और अगले पांच वर्षों के लिए ग्रामीण विकास योजनाओं की रूपरेखा तय करने पर भी चर्चा की जाएगी.
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनेक योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ‘तीन करोड़ लखपति दीदियां’ बनाने के लक्ष्य की ओर हम तीव्र गति से बढ़ रहे हैं और अब तक दो करोड़ से ज्यादा महिलाएं लखपति बन चुकी हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को घर देने, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कौशल विकास जैसी योजनाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति हो रही है.
वीडियो कांफ्रेंसिंग में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और सचिव शैलेष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे.