मंडी के पैड़ी की श्रेजल गुलेरिया बनी भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर

मंडी, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मंडी जिले की बल्ह तहसील के पैड़ी गांव की 21 वर्षीय बेटी श्रेजल गुलेरिया ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में चयनित होकर जिले ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। श्रेजल ने एफसीएटी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल कर कम आयु में ही असाधारण उपलब्धि दर्ज की है, जो उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। उनकी यह सफलता विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा बनकर सामने आई है।
श्रेजल की शैक्षणिक यात्रा अनुशासन और निरंतर उपलब्धियों से भरी रही है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पंडोह मंडी से प्राप्त की, जहां छठी कक्षा से बारहवीं तक अध्ययन किया। नवोदय विद्यालय के अनुशासित वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके पश्चात उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी गणित ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की और वहीं से गणित में स्नातकोत्तर एम.एससी. की पढ़ाई कर रही थीं, इसी दौरान उन्होंने एफसीएटी परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। 27 दिसंबर को श्रेजल एयरफोर्स एकेडमी में प्रशिक्षण के लिए जा चुकी हैं, जहां वह एक वर्ष के कठोर, अनुशासित और चुनौतीपूर्ण सैन्य प्रशिक्षण से गुजरेंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात वह भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में देश सेवा करेंगी। उनके प्रशिक्षण के लिए रवाना होते ही परिवार, रिश्तेदारों और गांव में गर्व और उल्लास का वातावरण बन गया।
श्रेजल की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके पिता होशियार सिंह भारतीय सेना में सुबेदार के पद पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, जिनसे श्रेजल को अनुशासन, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिली। उनकी माता बानीता कुमारी हिमाचल पथ परिवहन निगम (एच.आर.टी.सी.) में जे.ओ.ए. के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने श्रेजल को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मबल के महत्व से परिचित कराया।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा



