Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

श्रेयस अय्यर ने टेस्ट और प्रथम श्रेणी क्रिकेट से मांगा ब्रेक, फिटनेस पर देंगे ध्यान

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर

नई दिल्ली, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।

भारतीय मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने टेस्ट और प्रथम श्रेणी क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लेने का फैसला किया है। अय्यर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से अनुरोध किया है कि उन्हें फिलहाल लाल गेंद क्रिकेट से दूर रहने की अनुमति दी जाए, ताकि वे अपनी फिटनेस पर दोबारा ध्यान केंद्रित कर सकें।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ लखनऊ में खेले गए चार दिवसीय मैच के बाद लिया गया, जिसमें अय्यर कप्तान थे। लेकिन मैच के बाद उन्होंने बीसीसीआई और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर से बातचीत कर विराम की इच्छा जताई।

दरअसल, इस महीने की शुरुआत में खेले गए दलीप ट्रॉफी के दौरान अय्यर को पीठ में असहजता महसूस हुई थी। यही समस्या उन्हें भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के मुकाबले में भी हुई। इसके बाद उन्होंने बीसीसीआई फिजियो और भारत ए के कोच हृषिकेश कानिटकर से चर्चा की और बोर्ड को लिखित में अपनी स्थिति बताई।

अय्यर की पीठ की सर्जरी 2023 में हुई थी। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास नहीं ले रहे हैं, बल्कि फिटनेस पर काम करके दोबारा मजबूती से वापसी करेंगे। ऐसे में संभावना है कि वे इस सीजन में मुंबई की रणजी टीम से भी बाहर रहेंगे। अय्यर अब तक 17 टेस्ट और 70 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं।

लाल गेंद क्रिकेट से ब्रेक लेने के बावजूद अय्यर सफेद गेंद प्रारूप में सक्रिय रहेंगे। वे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होने वाली वनडे सीरीज में टीम इंडिया के लिए पक्के दावेदार माने जा रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में भी जगह मिल सकती है। भारत का यह दौरा 19 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगा, जिसमें तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *