Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र युगों तक रहेगा अक्षुण्ण : अमित शाह

Union Home minister Amit Shah in Assam.

बटद्रवा/गुवाहाटी, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि बटद्रवा स्थित श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र केवल 10–20 वर्षों के लिए नहीं, बल्कि युग-युगांतर तक श्रद्धा और आध्यात्म का केंद्र बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में प्रवेश करते ही समय जैसे स्थिर हो जाता है और मन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।

बटद्रवा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने अवैध विदेशियों के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि एक-एक कर विदेशियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि असम की सांस्कृतिक और जनसांख्यिकीय पहचान की रक्षा के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अमित शाह ने बटद्रवा क्षेत्र से अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को हटाकर नामघर की स्थापना और संरक्षण के लिए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की सराहना की। उन्होंने इसे असम की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा की दिशा में अहम कदम बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने बटद्रवा में श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र का औपचारिक उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने उत्तर भारत के सबसे बड़े, लगभग 5 हजार सीटों की क्षमता वाले ज्योति–विष्णु प्रेक्षागृह का भी उद्घाटन किया।

अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने गुवाहाटी में नवनिर्मित पुलिस आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया, जिसे शहरी पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री बोरागांव स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक असम आंदोलन के 860 शहीदों की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों के बलिदान को नमन् किया और असम की जनआकांक्षाओं के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

———————–

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *