Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BUSINESS

चेन्नई में 2 लाख प्रति किलो के स्तर पर पहुंची चांदी, दूसरे सर्राफा बाजारों में भी बढ़ी चमक

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 04 दिसंबर (Udaipur Kiran) । घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी ने भी आज जोरदार मजबूती दिखाई है। आज की मजबूती के कारण ये चमकीली धातु एक बार फिर अपने ऑल टाइम हाई के काफी करीब पहुंच गई है। चेन्नई और हैदराबाद में चांदी आज 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंची हुई है। आज की इस मजबूती के कारण देश के अलग अलग सर्राफा बाजारों में चांदी 1,87,700 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही है।

दिल्ली में आज चांदी की कीमत 3,100 रुपये प्रति किलोग्राम उछल कर 1,91,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में भी चांदी 1,90,800 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 1,91,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है। बेंगलुरु में चांदी 1,91,300 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 1,90,900 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत चेन्नई और हैदराबाद में है, जहां ये चमकीली धातु आज 2,00,000 रुपये के स्तर पर पहुंची हुई है।

बुलियन मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी के कारण चांदी एक बार फिर अपने ऑल टाइम हाई की ओर लौटने लगी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज चांदी की कीमत 58.75 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक उछल चुकी है। चांदी की कीमत में ये तेजी इंडस्ट्रियल डिमांड के बढ़ने की वजह से आई है। इसके साथ ही ज्वेलरी सेक्टर में भी चांदी की मांग में पिछले कुछ दिनों से तेजी बनी हुई है। इस तेजी का सीधा असर अतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में चांदी की कीमत के रूप में नजर आने लगा है। मयंक मोहन का कहना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 63 से 65 डॉलर प्रति औंस तक उछल सकती है। हालांकि इस तेजी के बाद मुनाफा वसूली की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए फिलहाल निवेशकों को संभल कर अपनी निवेश योजना बनानी चाहिए।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *