Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BUSINESS

सर्राफा बाजार में चमकी चांदी, चेन्नई में 2.15 लाख रुपये के पार पहुंची कीमत

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी के भाव में आज जबरदस्त तेजी का रुख नजर आ रहा है। आज इस चमकीली धातु की कीमत में सिर्फ 5 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की तेजी आ गई है। इस तेजी के कारण चांदी देश के ज्यादातर सर्राफा बाजारों में 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार करके कारोबार कर रही है। कीमत में आए आज के उछाल के कारण देश के अलग-अलग सर्राफा बाजारों में चांदी 2,02,900 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,15,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही है।

दिल्ली में आज चांदी की कीमत उछल कर 2,03,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,02,900 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,03,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है। बेंगलुरु में चांदी 2,03,400 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 2,03,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत अभी भी चेन्नई और हैदराबाद में है, जहां ये चमकीली धातु आज 2,15,100 रुपये के स्तर पर पहुंची हुई है।

कैपेक्स गोल्ड एंड इनवेस्टमेंट्स के सीईओ राजीव दत्ता का कहना है कि चांदी के भाव में अभी और तेजी आने की संभावना बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत लगातार 60 डॉलर प्रति औंस के ऊपर बनी हुई है। आज भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में ये चमकीली धातु 64.19 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है। इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने के कारण इसकी कीमत में आने वाले दिनों में 70 से 75 डॉलर प्रति औंस तक भी पहुंच सकती है।

घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में इस साल अभी तक 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर वैश्विक परिस्थितियां लगभग समान बनी रहती हैं और रुपये की कमजोरी बढ़ती है तो 2026 में चांदी की कीमत में 30 से 45 प्रतिशत तक का इजाफा हो सकता है।

———————-

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *