Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

छत्तीसगढ़ में एसआईआर ड्राफ्ट सूची जारी, 27.34 लाख मतदाताओं के नाम कटे

कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की प्रेस नोट

रायपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ में राज्य निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। सूची में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राज्य भर में कुल 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार एसआईआर प्रक्रिया के तहत कुल एक करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं ने अपने गणना पत्रक जमा किए हैं। 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें 6 लाख 42 हजार 234 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। स्थानांतरित एवं अनुपस्थित में 19 लाख 13 हजार 540 मतदाताओं के नाम हैं। करीब 1.79 लाख नाम ‘दोहरी प्रविष्टि’ की वजह से हटाए गए हैं।

इसके अलावा, पिछली एसआईआर में जिन मतदाताओं के नाम शामिल नहीं थे या जो बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को आवश्यक दस्तावेज नहीं सौंप पाए थे, उनके नाम भी नए ड्राफ्ट में अलग से उल्लेख किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 के बीच अपनी जानकारी की जांच करें और किसी भी त्रुटि या अपवाद के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को सचेत किया है कि सही जानकारी और वोटिंग अधिकार सुनिश्चित करने के लिए यह पुनरीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में संशोधन और नामों का अपडेशन चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुचारू संचालन के लिए अनिवार्य है।

————

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *