Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: चौटाला ने ताउम्र गरीब, कमेरे व किसानों की लड़ाई लड़ी: बादल

तेजाखेड़ा फार्म हाउस में ओपी चौटाला को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सुखबीर बादल व अन्य।
स्व. ओपी चौटाला की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते अजय चौटाला व अन्य।

सिरसा, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के पूर्व सीएम स्व. ओमप्रकाश चौटाला की प्रथम पुण्यतिथि पर सिरसा जिले के तेजाखेड़ा में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें हरियाणा-पंजाब से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि स्व. ओमप्रकाश चौटाला ने ताउम्र गरीब, कमेरे, किसान, युवाओं सहित तमाम वर्गों के हितों के लिए श्रेष्ठ कार्य किया। जब-जब भी उन्होंने हरियाणा प्रदेश की कमान बतौर सेवक के रूप में संभाली, उन्होंने सदैव हरियाणा की प्रगति और प्रदेशवासियों के हितों से जुड़ी योजनाएं बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर हरियाणा भर से उमड़ी भीड़ उनकी लोकप्रियता का पैमाना है।

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने अपने पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ सर्वसमाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व थे जिन्होंने सदैव शोषित समाज की पीड़ा को समझकर उन्हें दूर किया।

अपने मुख्यमंत्रीकाल के दौरान उन्होंने जितनी दूरदर्शिता व शिद्दत से प्रदेश के कल्याण की योजनाओं को बनाकर उन्हें लागू किया, उसकी ही बदौलत आज भी हरियाणा के सर्वजातीय लोग लाभान्वित हो रहे हैं। हरियाणा के अंतिम छोर पर बसे किसान के खेतों की आखिरी टेल तक सिंचाई पानी का इंतजाम, प्रदेशवासियों की सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, खेल व खिलाडिय़ों के लिए नवीन योजनाएं बनाकर उन्हें प्रोत्साहित करना, हरियाणा को कृषि के साथ-साथ औद्योगिक स्तर पर भी विकसित बनाने के लिए अनेकानेक योजनाएं बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाना उनकी दूरदर्शिता का परिणाम था। श्रद्धांजलि सभा में पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, पंडित वासुदेव शर्मा, उमेद लोहान, जयवीर गोदारा, प्रकाश भारती, जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण सिंह चौटाला, विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला, अर्जुन सिंह चौटाला, इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

उधर, जननायक जनता पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ओमप्रकाश चौटाला की प्रथम पुण्यतिथि पर सिरसा के चौटाला हाउस में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि स्व. ओमप्रकाश चौटाला केवल एक सफल राजनेता ही नहीं थे, बल्कि बतौर पिता वे सदैव उनके मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम स्व. ओमप्रकाश ने अपना पूरा जीवन किसान, गरीब और हरियाणा के अंतिम व्यक्ति की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचार, संघर्ष और सिद्धांत आज भी हरियाणा की राजनीति और समाज को दिशा दे रहे हैं। युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश चौटाला का जीवन संघर्ष, अनुशासन और जनता के प्रति निष्ठा का प्रतीक रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *