Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

सिरसा: पुलिस ने ज्वैलर्स के घर से पकड़ा नशीली गोलियों का जखीरा

पकड़ी गई नशीली गोलियां।

सिरसा, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले के गांव नागोकी में ज्वैलर्स का काम करने वाले एक व्यक्ति के मकान में छापा मार कर लाखों रुपये की नशीली गोलियां व कैप्सूलों का जखीरा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के बाद यह कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहन लाल पुत्र मुखल राज निवासी गांव नागोकी, जिला सिरसा के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली की गांव नागोकी में मोहन लाल ज्वैलर्स की दुकान करता है और दुकान की आड़ में नशीली दवाइयां बेचने का धंधा करता है। पुलिस टीम ने ड्रग्स कंट्रोलर विभाग के अधिकारी से संपर्क कर गांव नागोकी में ज्वैलर्स के घर पर दबिश देकर आरोपी मोहन लाल को काबू कर उसके घर की तलाशी ली तो घर से 22,760 नशीली गोलियां 21,600 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि उक्त नशीली गोलियों,कैप्सूलों व आरोपी मोहन लाल को कब्जा में लेकर आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग कंट्रोलर विभाग के ऑफिसर सुनील कुमार व केशव वशिष्ठ के हवाले किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया है कि सिरसा पुलिस ने जब से हेरोइन, अफीम, चूरापोस्त इत्यादि नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा है तब से नशा तस्करों ने मेडिकल नशे का कारोबार करने का रास्ता अपनाया है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की वजह से हेरोइन,अफीम तथा चूरापोस्त जैसे नशे की सप्लाई में कमी आई है, इसलिए मेडिकल नशे का प्रचलन बढा है, क्योंकि मेडिकल नशा जल्द व आसानी से उपलब्ध हो जाता है । एसपी ने कहा है कि सिरसा पुलिस द्वारा जहां नशा तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है वहीं पर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए लगातार जागरुक भी किया जा रहा है। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने थाना क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोर पर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पैनी नजर रखें तथा नशीली व प्रतिबंधित दवाईयां बेचने में अगर किसी भी मेडिकल स्टोर संचालक की संलिप्ता पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *