Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

मौत की अफवाहों के बीच इमरान खान से मिलीं बहन, कहा- शारीरिक रूप से स्वस्थ लेकिन मानसिक दबाव में

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)

लाहौर, 02 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर फैली आशंकाओं के बीच उनकी बहन उज्मा खानुम ने बताया कि वह शारीरिक रूप से तो स्वस्थ हैं, लेकिन जेल में लगातार अलग-थलग रहने के कारण मानसिक दबाव झेल रहे हैं। परिवार को लंबे समय से मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने के बाद उज्मा को इस सप्ताह अडियाला जेल में एक नियंत्रित और सीमित मुलाकात का अवसर मिला।

उज्मा, जो स्वयं डॉक्टर हैं, ने बताया कि इमरान खान से मुलाकात बेहद सख्त निगरानी में हुई और इसमें कोई मोबाइल उपकरण ले जाने की भी अनुमति नहीं थी। उन्होंने कहा, “वह शारीरिक रूप से ठीक हैं, लेकिन उन्हें ज्यादातर समय कमरे के भीतर ही रखा जाता है और बाहरी संपर्क लगभग नहीं है।”

इमरान खान (73), जिन्हें अगस्त 2023 में भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार किया गया था, कई मामलों में सजा काट रहे हैं। उनका कहना है कि सभी मुकदमे राजनीतिक प्रेरणा से प्रेरित हैं।

उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का आरोप है कि अदालत के आदेशों के बावजूद नियमित मुलाकातों पर रोक लगी हुई है। इसी वजह से उनकी सेहत और संभावित जेल-स्थानांतरण को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हुई हैं। जेल प्रशासन और सरकार इन आरोपों को खारिज कर रही है और दावा करती है कि इमरान को कैदियों को मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पिछले सप्ताह इमरान खान के एक बेटे ने मीडिया को बताया था कि परिवार का तीन हफ्तों से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका और उन्हें आशंका है कि उनकी स्थिति के बारे में “कुछ गंभीर छिपाया जा सकता है।” खान के निजी चिकित्सक को भी पिछले एक साल से जांच की अनुमति नहीं मिली है।

इसी बीच, पाकिस्तान ह्यूमन राइट्स कमीशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें खान की सख्त निगरानी और परिजनों से मुलाकात की सीमाओं को लेकर गंभीर चिंता है। आयोग ने कहा कि परिवार और वकीलों तक नियमित पहुंच “अलगाव और शक्ति के दुरुपयोग से बचाने का मूल अधिकार” है, और अधिकारियों से संवैधानिक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *