Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

ग्राम कोलियारी में खुलेगा कौशल प्रशिक्षण केंद्र “मधुरिमा गुरुकुल”

अंबुजा फाउंडेशन के सदस्यों के साथ चर्चा करते हुए जिला प्रशासन धमतरी के अधिकारी-कर्मचारी।

धमतरी, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। जिला प्रशासन धमतरी और अंबुजा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम कोलियरी में कौशल प्रशिक्षण केंद्र “मधुरिमा गुरुकुल” की स्थापना की जा रही है।

इस संबंध में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शनिवार को अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि इस प्रशिक्षण केंद्र में इलेक्ट्रीशियन, ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर कोर्स, रिटेल सेल्स मैनेजमेंट और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे रोजगारपरक एवं मांग आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

यह प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क होगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। “मधुरिमा गुरुकुल” को एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। अंबुजा फाउंडेशन द्वारा जानकारी दी गई कि 26 दिसंबर से मोबिलाइजेशन कार्य प्रारंभ होगा। पांच जनवरी को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी और 15 जनवरी 2026 से प्रशिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। बैठक के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से ग्राम कोलियरी में खुलने वाला यह प्रशिक्षण केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। प्रशिक्षण के साथ-साथ प्लेसमेंट और स्वरोजगार पर विशेष फोकस किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर अंबुजा फाउंडेशन के संजय कोठारी, संकेत राठी, सुनीता केला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने कोलियरी स्थित प्रस्तावित प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *