Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

हिमाचल में 20 दिसंबर तक नहीं गिरेगी बर्फ, सैलानी मायूस

शिमला : सैलानी

शिमला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों और सैलानियों को फिलहाल निराशा ही हाथ लगी है। राज्य के हिल स्टेशनों में अभी तक बर्फबारी का दीदार नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश में बर्फबारी की संभावना नहीं है।

आमतौर पर दिसंबर के पहले पखवाड़े में शिमला, कुफरी और मनाली जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर बर्फ गिरने लगती है। लेकिन इस बार अब तक मौसम की पहली बर्फबारी नहीं हो पाई है। बर्फ न गिरने से हिल स्टेशनों में पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हो रहा है और पहाड़ी इलाकों में घूमने आए सैलानी मायूस नजर आ रहे हैं। होटल और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को अब क्रिसमस और नए साल के दौरान बर्फबारी की उम्मीद है।

लंबे समय से वर्षा-बर्फबारी के अभाव में प्रदेश में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं और इसका सीधा असर फसलों और फलों पर पड़ रहा है। किसान और बागवान बारिश और बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों और बागीचों में नमी लौट सके।

बादलों के न बरसने से सूखी ठंड भी लोगों को परेशान कर रही है। राज्य में तापमान लगातार गिर रहा है और शीतलहर का असर तेज होता जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर निचले और मैदानी इलाकों तक लोग कड़ाके की ठंड से बेहाल हैं। जनजातीय जिलों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इससे नाले, झरने और अन्य प्राकृतिक जल स्रोत जम गए हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

इस बीच राज्य के निचले जिलों बिलासपुर और मंडी में रविवार सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने निचले और मैदानी इलाकों के लिए अगले दो दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

वहीं, मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में दिन के समय बादलों के बीच हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके बाद 15 से 20 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है और इस दौरान कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं होगी।

मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर और भुंतर में 5.6 डिग्री, कल्पा में 2.4 डिग्री, धर्मशाला और ऊना में 7 डिग्री, नाहन में 9 डिग्री, पालमपुर में 6.5 डिग्री, सोलन में 3.3 डिग्री, मनाली में 2.3 डिग्री, कांगड़ा में 7.8 डिग्री, मंडी में 7.3 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, हमीरपुर में 6.9 डिग्री, कुफरी में 8.4 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *