Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

कार से कुचलकर की गई हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरा समाज

कार से कुचलकर की गई हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरा समाज

उदयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उदयपुर में स्कूटी सवार युवक की कार से कुचलकर की गई हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक आरव खोखर के समाजजन शनिवार को सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पहले जिसे सड़क हादसा माना जा रहा था, वह घायल साथी के बयानों के बाद हत्या साबित हुआ। इस खुलासे के बाद समाज में आक्रोश फैल गया।

शनिवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग मोर्चरी के बाहर एकत्रित हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। समाजजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर लिखित सहमति नहीं देता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

गिर्वा तहसीलदार श्याम सिंह चारण मौके पर पहुंचे और बताया कि शुक्रवार को ही प्रशासन और परिजनों के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बन चुकी थी तथा शव का पंचनामा भी किया जा चुका है, लेकिन समाजजनों ने शनिवार को कुछ नई मांगें रख दीं।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात सूरजपोल थाना क्षेत्र में आरव खोखर और उसका साथी हिमांशु स्कूटी से किशनपोल से मल्लातलाई जा रहे थे। मोगरावाड़ी क्षेत्र में कार सवार आरोपियों ने जानबूझकर स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे आरव की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि इससे पहले बलीचा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने स्कूटी का पीछा किया और हत्या की नीयत से कई बार टक्कर मारने की कोशिश की।

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि इस मामले में सोहेल उर्फ टेनी, मोहसिन और सोहेल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोहेल उर्फ टेनी गोवर्धन विलास थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले की जांच डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को सौंपी है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *