Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

एसपी बलवीर सिंह ने किया इंटर कालेज खो-खो प्रतियोगिता का उदघाटन

खिलाड़ियों और अन्य विद्यार्थियों को चिट्टे का विरोध करने की शपथ भी दिलाई

हमीरपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पुरुषों की तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय खो-खो चैंपियनशिप सोमवार को यहां अणु स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय के मैदान में आरंभ हो गई। एसपी बलवीर सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए एसपी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद भी बहुत जरूरी होती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और वे नशे तथा अन्य बुराइयों से भी दूर रहते हैं। बलवीर सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेलोें को कॅरियर के रूप में भी अपना सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए सरकारी क्षेत्र में भी रोजगार का प्रावधान किया गया है।

एसपी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चिट्टे जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए विशेष अभियान आरंभ किया है। सभी युवाओं को इस अभियान में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों और अन्य सभी लोगों को चिट्टे का विरोध करने की शपथ भी दिलाईं।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सतीश सोनी ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत का प्राचीन खेल खो-खो अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अलग पहचान बना चुका है। हाल ही में इसकी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है, जिसमें भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।

उदघाटन समारोह में धनेटा कालेज के प्रधानाचार्य जीसी राणा, आयोजन समिति की सचिव डॉ. मंजुला शर्मा, समन्वयक डॉ. पवन कुमार शर्मा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी, मेजबान कालेज के पहले बैच के विद्यार्थी रहे कर्नल एडी शर्मा, पीटीए अध्यक्ष अजय पटियाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *