अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

गुवाहाटी, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण निदेशालय, असम की ओर से पांजाबाड़ी स्थित श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल ऑडिटोरियम में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस, 2025 बुधवार काे मनाया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजन की क्षमताओं, उपलब्धियों और योगदान को सराहा गया तथा समावेशी असम के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांगजन आयुक्त सुषमा हाजरिका, एसीएस द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद खेल, कला तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में सहायक उपकरण, योजनाएं और दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुवाहाटी नगर निगम के महापौर मृगेन सरनिया के आगमन के साथ खुली बैठक आरम्भ हुई। बैठक में निदेशक भास्कर ज्योति मंता, अजय कोंवर, डॉ. प्रदीप ठाकुरिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ब्रेल किट, स्मार्टफोन, ट्राईसाइकल, व्हीलचेयर आदि सहायक उपकरण वितरित किए गए। विभिन्न पैरागेम के विजेताओं तथा विशेष रूप से सक्षम जोमाटो डिलीवरी कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने प्रेरणा, समावेशन और निरंतर प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। अंत में संयुक्त निदेशक सुस्वप्ना काकती, एसीएस ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश



