Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

मेवाड़ से फिट इंडिया का संदेश: फतहसागर पर साइक्लोथोन-मैराथन में युवाओं का जोश, खेल मंत्री ने खुद बढ़ाया उत्साह

उदयपुर, 31 अगस्त (Kiran News)। वीरभूमि मेवाड़ से रविवार को फिट इंडिया का संदेश पूरे देश में गूंजा। खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में फतहसागर झील के किनारे भव्य साइक्लोथोन और मैराथन का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में खेल मंत्री और ओलंपिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धनसिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और लोकसभा सांसद डॉ मन्नालाल रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा शामिल हुए। राठौड़ ने स्वयं साइक्लोथोन में हिस्सा लिया और पूरे रूट पर साइकिलिंग कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उनके साथ युवाओं, बच्चों और शहरवासियों का उत्साह चरम पर दिखा।

Sports minister cyclothon 5

साइकिल से पहुंचे खेल मंत्री
तीन दिवसीय खेल उत्सव के तहत रविवार को सुबह 6 बजे से ही फतहसागर पाल पर मोतीमंगरी गेट के समीप साइक्लोथोन और मैराथन के लिए खिलाड़ी, युवा, छात्र-छात्राएं, अधिकारी और खेल प्रशिक्षक एकत्रित होने लगे। ठीक 7:30 बजे खेल मंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़ साइकिल चलाते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचे, जिनका युवाओं ने भारत माता के जयकारे के साथ स्वागत किया। अतिथियों में संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, युडीए आयुक्त राहुल जैन, समाजसेवी गजपाल सिंह, चंद्रगुप्त सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

साइक्लोथोन और मैराथन को हरी झंडी
खेल मंत्री कर्नल राठौड़ सहित सभी अतिथियों ने मोतीमंगरी गेट से साइक्लोथोन और मैराथन को हरी झंडी दिखाई और खुद भी साइक्लोथोन में शामिल हुए। साइक्लोथोन ने फतहसागर पाल, युडीए सर्किल, सहेलियों की बाड़ी, विद्याभवन स्कूल, देवाली छोर होते हुए करीब 3.5 किमी का सफर तय किया। मैराथन का रूट भी मोतीमगरी से फतहसागर ओवरफ्लो के पास टाया पैलेस तक रहा। पूरे रास्ते खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ जयकारे लगाए।

सेहत और खुशी के लिए स्वयं करें पहल – राठौड़
समापन समारोह में खेल मंत्री कर्नल राठौड़ ने कहा कि अपनी सेहत के लिए जागरूक रहना ही सबसे बड़ा संदेश है। उन्होंने सभी को आह्वान किया कि स्वस्थ और खुश रहने के लिए स्वयं पहल करें, हर दिन अच्छे निर्णय लें और अच्छे लोगों के साथ रहें। उन्होंने प्रतिदिन खेल को जीवन में अपनाने और फिट रहने का संदेश दिया। सांसदों ने सरकार के प्रयासों के लिए आभार जताते हुए आगामी सांसद खेल महोत्सव में अधिक भागीदारी की अपील की।

कयाकिंग, कैनोइंग और स्केटिंग खिलाड़ियों का जोश
कार्यक्रम के दौरान फतहसागर झील में कयाकिंग और कैनोइंग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देख मंत्री राठौड़ ने भी ड्रैगन बोट में बैठकर नौकायन किया। उन्होंने स्केटिंग के बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम में प्रशासन, उदयपुर विकास प्राधिकरण, जिला खेल संघ, विभिन्न कॉलेज व स्कूलों, साइकिल एसोसिएशन, होटल व मार्बल एसोसिएशन, मेवाड़ ट्रिजम क्लब सहित अनेक संगठनों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। संचालन डॉ. देवीलाल गर्ग ने किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *