श्रीगंगानगर: राजस्व पटवारी 95 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर, 20 अगस्त (Kiran News)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की श्रीगंगानगर-प्रथम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6वी धनूर तहसील श्रीकरणपुर, जिला श्रीगंगानगर के राजस्व पटवारी पंखीलाल मीणा को 95 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत राशि परिवादी से उसके स्वयं एवं पत्नी के नाम की कृषि भूमि पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2024 में मूंग की फसल के फसल बीमा क्लेम के रूप में प्राप्त करीब 2.28 लाख रुपये का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा बतौर रिश्वत मांगा गया था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी श्रीगंगानगर-प्रथम को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके स्वयं एवं पत्नी के नाम की कृषि भूमि पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2024 में मूंग की फसल का बीमा कराया गया था। फसल खराब होने पर दोनों के खातों में कुल करीब 2.28 लाख रुपये की क्लेम राशि जमा हुई। उक्त फसल खराबे की कॉप कटिंग राजस्व पटवारी पंखीलाल मीणा ने की थी। खातों में क्लेम राशि जमा होने की जानकारी मिलते ही पटवारी ने परिवादी से कहा कि यह बीमा क्लेम उसके मदद के चलते मिला है, इसलिए खातों में जमा क्लेम राशि का 50 प्रतिशत खर्चे पानी के तौर पर देने की मांग की।
एसीबी श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई करते हुए राजस्व पटवारी पंखीलाल मीणा को परिवादी से फसल बीमा क्लेम की राशि में से 95 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।



