Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

प्रदेश सरकार ने 20 माह में रचा विकास और सुशासन का नया इतिहास- सहकारिता मंत्री दक

सहकारिता मंत्री गौतम दक।

चित्तौड़गढ़, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राजस्थान के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के क्षेत्र में 20 माह में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार ने अन्त्योदय के विजन को धरातल पर साकार करते हुए आमजन, किसान, युवा, महिला और मजदूर वर्ग के सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है।

मंत्री गौतम दक ने बुधवार को बताया कि पीएम के 75वें जन्म दिवस से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में सेवा पखवाड़ा मनाया। इसमें लाखों लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला। ग्रामीण सेवा शिविरों में 96 हजार से अधिक पट्टों का वितरण, 82 हजार नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण, 90 हजार से अधिक राजस्व प्रकरणों का समाधान और 1.82 लाख किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया। वहीं शहरी शिविरों में 14 हजार से अधिक पट्टों का वितरण, हजारों शौचालयों का निर्माण और हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गई। उन्होंने बताया कि सहकार सदस्यता अभियान के तहत अब तक 1.50 लाख से अधिक नए सदस्य सहकारी समितियों से जुड़े हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। सहकार की ताकत से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ठोस कदम उठा रही है।

मंत्री गौतम दक ने कहा कि भजनलाल सरकार ने केवल 20 माह में ऐसे काम किए हैं, जो पिछली सरकार पांच साल में भी नहीं कर पाई। 32 हजार से अधिक फार्म पॉण्ड, 2.62 करोड़ मीटर तारबंदी, 46 हजार सोलर पंप, पीएम आवास (शहरी) में 66 हजार से अधिक मकान स्वीकृत, बिजली उत्पादन में 4,955 मेगावाट की वृद्धि। सड़क निर्माण पर 22 हजार करोड़ से अधिक का व्यय,10.51 लाख विद्यार्थियों को साइकिल और 88 हजार से अधिक को लेपटॉप वितरण किया जा चुका है।

दक ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ऊर्जा, सड़क और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार ने ठोस और जनहितकारी फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में सेवा, सुशासन और विकास का नया युग शुरू हुआ है। भजनलाल सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरी है और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दी जाएगी और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचाया जाएगा।

सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले में कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के पट्टे, 69 ए के पट्टे, बकाया लीज जमा कर जारी फ्री होल्ड पट्टे, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, हस्तांतरण भू उपयोग परिवर्तन आदि अनेक कार्यों से आम जनता को लाभ मिल रहा है। मंत्री दक ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले को राज्य सरकार की विभिन्न सौगाते मिली हैं, जिनमें शिक्षा के क्षेत्र में कॉलेज को खोलने की घोषणा, लंबे समय से चली आ रही निंबाहेड़ा से मंगलवाड सड़क निर्माण और जिले में अन्य सड़कों की मांग की स्वीकृति, पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान के लिए माही डेम से जिले में पानी की सप्लाई की स्वीकृति, चित्तौड़गढ़ में कपासन चौराहे से कोटा बूंदी मार्ग और डेलवास में पुल निर्माण की स्वीकृति, सिंचाई और ऊर्जा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति से जिले में विकास की राह प्रशस्त हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *