Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

शिक्षा का एक बेहतरीन मॉडल विकसित करेगी प्रदेश सरकार : सुरेश कुमार

शिक्षा का एक बेहतरीन मॉडल विकसित करेगी सरकार

हमीरपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए कई बड़े एवं कड़े निर्णय लिए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है तथा इसमें हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग 21वें नंबर से चौथे नंबर पर पहुंच गई है। मंगलवार को यहां लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सुरेश कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल में शिक्षा का एक ऐसा बेहतरीन मॉडल विकसित करने जा रही है जोकि आज के दौर एवं बच्चों की जरुरतों के अनुरूप होगा।

उन्होंने कहा कि शून्य विद्यार्थी संख्या वाले स्कूलों को बंद करके तथा कम विद्यार्थी संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करके प्रदेश सरकार ने इन संस्थानों के शिक्षकों एवं अन्य संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया है। इससे शिक्षकों की कमी दूर हुई है तथा बच्चों की बेहतर शिक्षा सुनिश्चित हुई। सरकार ने वर्तमान दौर की आवश्यकता के अनुरूप सरकारी स्कूलों में भी पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया है। इससे इन स्कूलों के बच्चे भी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सक्षम होंगे।

सुरेश कुमार ने कहा कि हमीरपुर सबसे शिक्षित जिला है और प्रदेश सरकार इसे एक बड़े शैक्षणिक हब के रूप में विकसित कर रही है। इसी कड़ी में यहां मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ कैंसर केयर संस्थान, नर्सिंग कालेज और डेंटल कालेज भी स्थापित करने जा रही है। हमीरपुर के डिग्री कालेज को डेडिकेटड साइंस कालेज का दर्जा दिया गया है और यहां चार वर्षीय बीएससी बीएड का इंटीग्रेटड कोर्स भी आरंभ किया जाएगा। धनेटा कालेज में भी चार वर्षीय इंटीग्रेटड कोर्स और अन्य कोर्स शुरू किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *